एशिया के सबसे बड़े बांधों में शुमार टिहरी झील में ‘हिमालयन O₂ द टिहरी लेक फेस्टिवल’ का भव्य आगाज हो गया है. जिसका शुभारंभ सीएम पुष्कर धामी ने किया. इस दौरान सीएम धामी ने कोटी कॉलोनी से नई टिहरी तक रोप वे बनाए जाने की घोषणा की. साथ ही रिंग रोड फेज 2 की सौगात भी दी.
दरअसल, 6 मार्च को नई टिहरी में हिमालयन ओ2 थीम पर आयोजित चार दिवसीय टिहरी लेक फेस्टिवल का रंगारंग आगाज हो गया है. इस दौरान सीएम धामी ने वोटिंग का भी लुत्फ उठाया. जिस पर सीएम धामी ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि टिहरी झील में वाटर स्पोर्ट्स का अनुभव रोमांचक रहा और यहां मौजूद अपार संभावनाओं को एक बार दोबारा करीब से महसूस किया.
पुष्कर सिंह धामी ने कोटी कॉलोनी स्थित टिहरी झील तट पर महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि टिहरी झील आज केवल पर्यटन स्थल ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर साहसिक खेलों का प्रमुख केंद्र बनती जा रही है. उन्होंने कहा कि बीते एक साल में टिहरी झील में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया है.
सीएम धामी ने कहा कि टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों में करीब 1,300 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास योजनाओं पर काम किया जा रहा है. इस दौरान उन्होंने टिहरी झील रिंग रोड फेज 2 का शिलान्यास भी किया. उन्होंने कहा कि रिंग रोड बनने से पर्यटन गतिविधियों को और गति मिलेगी. साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
सीएम धामी ने कहा कि आज टिहरी में 400 से ज्यादा युवा पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं. वहीं, कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग का रिमोट दबाकर वर्चुअल शिलान्यास किया. यह मार्ग एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) के स्तर पर वित्त पोषित है, जिसकी लागत 318 करोड़ रुपए है. इस मार्ग की लंबाई करीब 15 किलोमीटर है.
